उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 5 और 20 को जोड़ने वाली बाडेयां-संगूर लिंक रोड की दो दशक पुरानी बदहाली अब पूरी तरह दूर होने जा रही है। पिछले साल नवंबर 2025 में सड़क के आधे हिस्से पर तारकोल बिछाया गया था, लेकिन आगे टाइल वर्क का काम अधूरा रह गया था। अब ठीक एक साल बाद लोक निर्माण विभाग ने शेष कार्य को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 16 लाख रुपये की अनुमानित लागत से होने वाली इस परियोजना के तहत करीब 300 मीटर लंबे सड़क मार्ग के साथ आसपास की गलियों-नालियों की हालत भी सुधारी जाएगी।
करीब 300 मीटर लंबी यह सड़क वार्ड 5 और 20 के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके अलावा शहर से बाडेयां और संगूर होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले लोग भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क की खड़ी ढलान और जर्जर सतह लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। जगह-जगह उखड़ी कंकरीट और असमतल सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने की घटनाएं आम थीं। बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से सड़क की हालत और खराब हो जाती थी।
17 साल पहले लोगों ने चंदा जुटाकर करवाई थी मरम्मत
सड़क की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 17 साल पहले स्थानीय लोगों को खुद चंदा इकट्ठा कर इसकी मरम्मत करवानी पड़ी थी। शेखर शर्मा, राजू, सोहन लाल, किशोरी लाल व अन्य क्षेत्रवासियों के मुताबिक लगातार विरोध प्रदर्शनों और मरम्मत की मांग के बाद करीब सात साल पहले सड़क के इस हिस्से में काम शुरू किया गया था। इससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब वर्षों पुरानी परेशानी खत्म होगी, लेकिन कुछ दिन काम चलने के बाद केवल कंकरीट डालकर निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। अधूरी, असमतल कंकरीट और गड्ढों के कारण सड़क पर आवाजाही और मुश्किल हो गई। खड़ी ढलान के चलते दोपहिया वाहन चालकों के गिरकर चोटिल होने की घटनाएं भी होती रहीं।
इसके बाद नवंबर 2025 में सड़क के शुरुआती हिस्से पर तारकोल बिछाया गया, जबकि आगे का टाइल वर्क बाकी रह गया था। अब एक साल बाद इस शेष कार्य को भी शुरू कर दिया गया है। इससे सड़क के लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण को पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्य सड़क के साथ आसपास की गलियों का भी होगा सुधार
करीब 16 लाख रुपये की अनुमानित लागत से होने वाले इस कार्य में सड़क के शेष हिस्से पर टाइल वर्क करवाया जाएगा। इसके साथ आसपास की गलियों की मरम्मत भी परियोजना में शामिल है। सड़क को इस तरह दुरुस्त किया जाएगा कि बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से इसे नुकसान न पहुंचे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दोनों वार्डों के निवासियों के साथ बाडेयां और संगूर के रास्ते रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
कोट
बाडेयां-संगूर सड़क के आधे हिस्से पर बीते साल तारकोल बिछाई गई थी लेकिन खड़ी चढ़ाई होने के कारण आगे के शेष भाग पर टाइल वर्क की योजना बनानी पड़ी। अब जीएमसी बाड़ेयां तक के शेष हिस्से की मरम्मत का काम का उद्घाटन भी कर दिया गया है। इस काम के पूरा होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हो जाएगी।
-
पवन गुप्ता, विधायक उधमपुर पश्चिम