उधमपुर। जिले में टेबल टेनिस खेल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 2 नवंबर से तीन दिवसीय जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता शहर के सुभाष स्टेडियम स्थित मल्टीपर्पज इंडोर स्पोर्ट्स हॉल में आयोजित होगी।
जिला उधमपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस चैंपियनशिप का आयोजन जम्मू-कश्मीर टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान तथा जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के सहयोग से किया जा रहा है।
चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य जिले में टेबल टेनिस खेल को प्रोत्साहित करना, युवाओं की खेल गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाना और उभरती हुई प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जिला स्तर पर अपनी खेल क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने जिले के सभी इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पंजीकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने खिलाड़ियों से इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है, ताकि जिले में टेबल टेनिस खेल को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।