भद्रवाह। उपमंडल भद्रवाह में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) भद्रवाह सुनील कुमार भुट्याल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ एनजीटी के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान एडीसी ने कहा कि पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कचरा संग्रहण व्यवस्था की प्रतिदिन निगरानी करने तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए रोजाना जियो-टैग्ड फोटो साझा करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने संबंधित विभागों को ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाजारों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए फल एवं सब्जी मंडियों तथा चिकन दुकानों से निकलने वाले कचरे के लिए अलग-अलग वाहन तैनात करने को कहा।
उन्होंने कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका भद्रवाह, बीडीओ भद्रवाह तथा बीएमओ भद्रवाह को कचरा संग्रहण व्यवस्था की दैनिक निगरानी और स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और मुख्य बाजारों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित करने को भी कहा। एडीसी ने नगर पालिका समिति भद्रवाह को अवैध निर्माण गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए।
बैठक में बीएमओ भद्रवाह, एक्सईएन सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण (आई एंड एफसी), बीडीओ भद्रवाह, एईई जलशक्ति, एई जलशक्ति, एईई आर एंड बी, बीडीए के अकाउंट असिस्टेंट, मैकेनिकल विभाग तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में एडीसी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ एनजीटी के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल भद्रवाह के निर्माण के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा।