उधमपुर। खराब मौसम के चलते जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोस) की 10वीं और 12वीं की द्विवार्षिक परीक्षा में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। लाटी के पूर्व सरपंच कस्तुरी लाल ने कहा कि सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे 10वीं की परीक्षा प्रस्तावित थी। बच्चे भारी बारिश में भीगते हुए सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल लाटी स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचे थे। बाद में बोर्ड ने परीक्षा स्थगित कर दी। इस कारण छात्रों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने 20 से 23 जुलाई तक भारी वर्षा, आंधी-तूफान और बाढ़ की संभावना को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसके बावजूद परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गईं, जिससे छात्रों को जोखिम भरे मौसम में यात्रा करनी पड़ी। कई छात्र उफनते नालों और जलभराव एवं भूस्खलन वाले मार्गों से होकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन और जिला प्रशासन से अपील की है कि मौसम चेतावनी को देखते हुए 20 से 23 जुलाई के बीच निर्धारित परीक्षाओं को तत्काल स्थगित किया जाए।