उधमपुर। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) श्रीनगर की ओर से जारी पूर्वानुमान के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने 19 से 23 जुलाई तक जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक 20 से 23 जुलाई के दौरान मौसम की गतिविधियां सबसे अधिक तीव्र रहने की आशंका है। इस अवधि में कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन तथा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना व्यक्त की गई है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन ने इस अवधि के दौरान आम जनता से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
पहाड़ी इलाकों में अधिक सतर्कता बरतने की सलाह
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44), रामनगर-बसंतगढ़-लाटी मार्ग सहित अन्य संपर्क सड़कों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। रामनगर, चिनैनी, लाटी-डुडू, पंचैरी, मौंगरी और बसंतगढ़ जैसे पहाड़ी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मडस्लाइड और शूटिंग स्टोन का खतरा अधिक बताया गया है। इसके अलावा जिले के कई हिस्सों में मध्यम से तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। एनएच-44 अथवा अन्य सड़कों पर यात्रा करने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नालों और नदी किनारों से दूर रहें।
किसानों के लिए विशेष सलाह
कृषि एवं बागवानी विभाग ने किसानों को 19 से 23 जुलाई तक फसल कटाई, छिड़काव और सिंचाई जैसे सभी कृषि कार्य स्थगित रखने की सलाह दी है, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।
जलभराव और फ्लैश फ्लड का खतरा
प्रशासन ने स्थानीय नालों, खड्डों और तवी नदी के कैचमेंट क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की संभावना जताई है। लोगों से नदी-नालों के आसपास भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।
अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
जिला प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, पीएचई, पीडीडी, पुलिस, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ, कृषि, बागवानी और ग्रामीण विकास सहित सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
आपातकालीन सहायता
किसी भी आपात स्थिति में लोगों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) के हेल्पलाइन नंबर 01992-272727 और 01992-272728 अथवा ईआरएसएस-112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।