उधमपुर। जिले की तहसील मौंगरी में आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक मौंगरी मेले के दूसरे दिन शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र शिव-पार्वती गुफा मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और पूजा की। श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की तथा इसके उपरांत बाहर खुले मैदान में लगे पारंपरिक मेले का आनंद उठाया।
मेले के दौरान लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इसमें स्कूली विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से क्षेत्रीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक शिव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि और शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी उधमपुर के उप-निदेशक एसएसपी बेनाम तोश विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
तहसीलदार मौंगरी एवं मेला अधिकारी अरुषि सभरवाल ने मुख्य अतिथि तथा अन्य अधिकारियों का स्वागत करते हुए मेले के इतिहास और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन उधमपुर द्वारा प्रतिवर्ष इस ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों, बैंकों तथा सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता स्टॉल लगाए जाते हैं।
अपने संबोधन में डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। डीआईजी ने कहा कि सभी बड़े सार्वजनिक आयोजनों एवं मेलों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी उधमपुर डॉ. अनिल मन्हास, डीएसपी कुलबीर चौधरी, बीएमओ पंचैरी शफकत जावेद, बीडीओ मौंगरी रजत सूदन, जीएचएसएस मौंगरी के प्राचार्य मोहन लाल, एसएचओ पंचैरी डीएसपी (प्रोबेशनर) रितु शर्मा, सिविल डिफेंस उधमपुर के डिप्टी चीफ वार्डन स्वतंत्र देव कोतवाल सहित कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।