उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चार दिन में 364 यात्रियों ने पंजीकरण करवाया।
यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण 15 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है। 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 3 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक जारी रहेगी। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए उधमपुर में जम्मू-कश्मीर बैंक की मुख्य शाखा और सैलां तालाब शाखा में विशेष पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं।
पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बीते चार दिनों में कुल 364 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया है, जिनमें 112 महिलाएं और 252 पुरुष शामिल हैं। इनमें से 242 श्रद्धालुओं ने बालटाल मार्ग जबकि 122 ने पहलगाम मार्ग से यात्रा करने का विकल्प चुना है। यात्रियों के उत्साह को देखते हुए प्रशासन भी व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है।