महिला सुरक्षा पर आयोजित कोर्स के समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते अकादम
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। शेर ए कश्मीर पुलिस अकादमी में महिला सुरक्षा पर आयोजित पांच दिवसीय पाठ्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता अकादमी के उप निदेशक एसएसपी बेनाम तोश ने की। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिला एवं विंग्स से निरीक्षक रैंक तक के कुल 24 पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें 12 महिला अधिकारी भी शामिल थीं। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो द्वारा प्रायोजित था। इसका उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से सख्ती से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड जम्मू की सदस्य डॉ. शीतल मनहास, डिप्टी एसपी फिंगर प्रिंट्स ब्यूरो क्राइम ब्रांच जम्मू-कश्मीर जम्मू जगपाल शर्मा, मीडिया विश्लेषक एवं पूर्व यूनिसेफ चाइल्ड प्रोटेक्शन कंसल्टेंट बीनिश कुरैशी, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी रियाज अहमद और अमित प्रकाश सेघल, उच्च न्यायालय की अधिवक्ता सुप्रिया चौहान, साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू के वरिष्ठ अधिकारी विकास डोगरा तथा एसकेपीए संकाय के अनुभवी अधिकारियों महमूद अहमद और कुलदीप कृष्ण ने किया।
अपने समापन संबोधन में एसएसपी ने अधिकारियों को महिला अपराध के मामलों का व्यक्तिगत रूप से परीक्षण करने, अभियोजन अधिकारियों से परामर्श लेकर प्राथमिकी (एफआईआर) सही ढंग से दर्ज करने और आरोपियों के विरुद्ध बिना अनावश्यक विलंब के सख्त कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निर्दोषों को किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए, लेकिन वास्तविक आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।