भद्रवाह। डोडा जिले के भद्रवाह और गंदोह इलाकों में हुई भारी बर्फबारी ने लंबे समय से चल रहे सूखे जैसे हालात का अंत कर दिया है। इस ताजा बर्फबारी से क्षेत्र के लोगों, खासकर किसान समुदाय और पर्यटन से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिली है। भद्रवाह पहुंचे पयर्टक भी बर्फबारी होने से रोमांचित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले लगभग ढाई महीनों से बारिश और बर्फबारी की कमी के कारण क्षेत्र में जलस्तर गिर गया था। नदियां और प्राकृतिक जलस्रोत सूखने लगे थे, जिससे कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ। सेब, अखरोट और अन्य नगदी फसलों के साथ-साथ रबी की फसलों पर भी संकट गहराता जा रहा था। अब ताजी बर्फबारी से खेतों में नमी बढ़ेगी, भूमिगत जलस्तर सुधरेगा और आने वाले कृषि सीजन के लिए बेहतर हालात बनेंगे। पर्यटन उद्योग के लिए भी यह बर्फबारी संजीवनी साबित हो रही है। भद्रवाह को ''''मिनी कश्मीर'''' के नाम से जाना जाता है और बर्फबारी के बाद यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। स्थानीय होटल व्यवसायियों, गाइड्स और टैक्सी चालकों को आने वाले दिनों में रोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना है। हालांकि बर्फबारी के चलते कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली और यातायात व्यवस्था को बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हैं।