उधमपुर। पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में दिनभर की तेज बारिश से कई इलाकों में समस्याएं खड़ी हो गई हैं।
दूर- दराज के ग्रामीण इलाकों सहित शहर के कई हिस्सों में बिजली, पानी और सड़क संपर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं में बाधाएं पेश आने से लोगों को कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया। तापमान में गिरावट और ठंड में बढ़ोतरी के चलते ज्यादातर लोग घरों में ही दुबके रहे। मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार रात से लेकर शुक्रवार को 6 बजे तक 126 एमएम बारिश हुई है।
बारिश से बाजारों में कारोबार भी ठंडा रहा। इक्का-दुक्का ग्राहकों को छोड़कर सड़कें सुनसान रहीं। ग्राहक नहीं मिलने से परेशान दुकानदार ठंड से बचाव के लिए अलाव तापते नजर आए।