उधमपुर। पीएम श्री गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल मोंगरी में जल्द ही शिक्षकों के लिए आवासीय सुविधा प्रदान की जाएंगी। इसके लिए 38 लाख की योजना स्वीकृत की गई है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। आवासीय क्वार्टर बनने से स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति में बढ़ोतरी होगी और शैक्षिक गुणवत्ता भी बढे़गी।
जिला मुख्यालय के लगभग 60 किलोमीटर की दूरी पर तहसील मोंगरी के इस स्कूल की स्थापना साल 1905 में एक प्राइमरी स्कूल के तौर पर हुई थी। इसके बाद 1959 में स्कूल मिडिल तक अपग्रेड हुआ और फिर 1982 में हाई तथा 2005 में हायर सेकेंडरी तक अपग्रेड हुआ। स्कूल के पास अपनी 9 कनाल जमीन है, जिस पर वर्तमान में पीएम श्री के तहत सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। इस स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या 340 के आसपास है, जिन्हें पढ़ाने के लिए 17 के आसपास शिक्षण तैनात हैं, जो विभिन्न इलाकों के हैं। दूर-दराज का ग्रामीण इलाका होने के कारण आसपास और जिला मुख्यालय के शिक्षकों को स्कूल तक रोजाना आवाजाही में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के चलते स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति शत प्रतिशत नहीं हो पाने के कारण शैक्षिक कार्य भी प्रभावित होते हैं। वहीं इस समस्या को दूर करने के लिए अब शिक्षा विभाग की तरफ से स्कूल परिसर में ही शिक्षकों के लिए आवासीय सुविधा तैयार की जाएगी।
वहीं प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए शमशेर सिंह, रामपाल, सुरेश ठाकुर, विमल कुमार व अन्य ने सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद करेगा। इस पहल से न केवल शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी, बल्कि मौंगरी और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।
कोर्ट
मौंगरी के स्कूल में शिक्षकों के आवासीय क्वार्टर बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। जल्द ही इसका आगे का काम भी पूरा किया जाएगा।
-
कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ