उधमपुर। शिक्षा सुविधाओं में बढ़ोतरी की दिशा में प्राइमरी स्कूल थत्ता कोट में जल्द खेल मैदान और चारदिवारी का निर्माण कराया जाएगा। इससे खेल गतिविधियां बढ़ेंगी और सुरक्षा संबंधी चिंता का समाधान होगा।
विशन दास, अंकुश शर्मा, कुलदीप राज, हंसराज व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में खेल मैदान और सुरक्षा दीवार न होने के कारण बच्चों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। बरसात में मैदान दलदल में बदल जाता था। सुरक्षा दीवार न होने से जानवर विद्यालय परिसर में घुस जाते थे, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती थी। समस्याओं को देखते हुए ग्रामीणों ने कई बार पंचायत और विभाग से निर्माण कार्य की मांग उठाई थी। अब स्वीकृत राशि का उपयोग मैदान को समतल करने, मिट्टी भराई और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में किया जाएगा।साथ ही विद्यालय परिसर की सीमाओं पर सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा जो स्कूल को बाहरी व्यवधानों से सुरक्षित बनाएगी।
पीएस थत्ता कोट में विकास कार्यों को लेकर टेंडर जारी हो चुका है। आगे का काम जल्द पूरा किया जाएगा।
-कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ