भद्रवाह। भद्रवाह विंटर फेस्टिवल 17–18 जनवरी को होगा। इसकी तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला आयुक्त (एडीसी) भद्रवाह सुनील कुमार भुत्याल ने शुक्रवार को गुलदंडा तथा आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उनके साथ भद्रवाह विकास प्राधिकरण के सीईओ, एएसपी भद्रवाह, सहायक निदेशक पर्यटन, एआरटीओ डोडा, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एडीसी ने आधारभूत संरचना की तैयारियों, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटन सुविधाओं तथा आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया, ताकि महोत्सव का आयोजन सुचारू एवं सफलतापूर्वक किया जा सके।
इस मौके उन्होंने बिजली-पानी, रसद, स्वच्छता, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
एडीसी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि आगंतुकों और स्थानीय लोगों को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शेष तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि भद्रवाह विंटर फेस्टिवल का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।