जीएमसी उधमपुर परिसर में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से जहां वहां खड़े किए गए वाहन।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। जीएमसी परिसर में पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते अस्पताल आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अस्पताल में मरीजों को लेकर आने वाले लोग अपने वाहनों को इमरजेंसी व ओपीडी की ओर जाने वाले रास्ते के बीचोंबीच लगाकर चले जाते हैं। इसके चलते आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य वाहनों के आने-जाने में भी समस्या पेश आती है।
गौरतलब है कि जीएमसी अस्पताल परिसर में 200 बेड का अतिरिक्त अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते परिसर में वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह की काफी तंगी हो गई है। मौजूदा समय में आलम यह है कि एंबुलेंस चालकोें के साथ-साथ डाॅक्टर व स्टाफ को अपने वाहनों को पार्क करने की जगह नहीं मिलती है। इसके चलते उन्हें कई बार अपने वाहनों को अस्पताल परिसर से बाहर खड़ा करके आना पड़ता है।
रामपाल, ओमप्रकाश, सुरजीत सिंह, कमलजीत व अन्य का कहना है कि जीएमसी में निर्माण कार्य के चलते पार्किंग को लेकर काफी समस्या आती है। पार्किंग के लिए उचित जगह न होने के कारण कई बार मरीज लेकर आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ नई इमारत का निर्माण चल रहा है तो वहीं अस्पताल प्रशासन को चाहिए कि पार्किंग बनाने का भी निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए।
कोट
जीएमसी उधमपुर में विकास कार्य तेज गति से पूरे किए जा रहें हैं, इसके चलते पार्किंग को लेकर कुछ समस्या पेश आ रही है। अभी जीएमसी परिसर में मौजूद नाले को स्लैब डालकर कवर करने का काम शुरू किया गया है। वहां भी पार्किंग की सुविधा तैयार की जानी है। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा।
-पवन गुप्ता, विधायक