कार की टक्कर से दुकान का टूटा शटर।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। शहर के मेन बाजार में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार करियाना दुकान में जा घुसी। दुकान का शटर दो हिस्सों में टूट गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं पहुंची।
जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात साढे़ 12 बजे के करीब पेश आया। सुबह सूचना मिलने पर पीड़ित दुकानदार संजीव महाजन और व्यापार मंडल के सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों की आपस में सुलह करवाकर मामले का निपटान कर दिया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने कहा कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है। कार चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दुकानदार के नुकसान की भरपाई करने पर सहमति जताई है। हादसे का स्पष्ट कारण फिलहाल ज्ञात नहीं हैं लेकिन बताया गया है कि कार चालक के नियंत्रण से बाहर होकर शटर से टकरा गई, जिससे यह हादसा हो गया। फिलहाल व्यापार मंडल की टीम ने पीड़ित दुकानदार की दुकान की मरम्मत करने के अलावा मुआवजे के तौर पर 50 हजार रुपये का चेक भी दिलवाया है। दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामला सुलझ गया है और किसी तरह का कोई पुलिस केस नहीं हुआ है।