भद्रवाह। पुनेजा गांव के कराल मोहल्ला इलाके में आग लगने से चार घर जल गए। आग राज मोहम्मद, अब्दुल शकूर, अब्दुल कयूम और जान मोहम्मद के घरों में लगी।
दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से कडी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी घर आग में पूरी तरह जल गए। घरों में रखा सारा फर्नीचर, अनाज और दूसरी ज़रूरी चीजे राख हो गईं। इससे प्रभावित परिवार लगभग बेघर हो गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक आग लगने की यह घटना बुधवार दोपहर 3 बजे के आसपास हुई। आग तेजी से फैलने के कारण दूर से ही धुएं के घने गुबार और ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं। पीड़ित परिवार अपने सामान बचाने में जुटा रहा। चीख पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। एएसपी भद्रवाह विनोद शर्मा ने कहा कि मोटर वाली सड़क से एक किलोमीटर ऊपर पहाड़ी पर होने के बावजूद आग पर काबू पा लिया गया है। लोगों ने अधिकारियों से बेघर हुए पीड़ितों को अस्थायी आश्रय, खाने का सामान और वित्तीय सहायता देने का आग्रह किया है।