कटड़ा। ककड़ियाल स्थित एसएमवीडीयू श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने श्राइन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की सीटों के आवंटन में स्थानीय छात्रों और क्षेत्र के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि श्राइन बोर्ड की ओर से लिए गए निर्णय से कटड़ा व आसपास के इलाकों के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सीटों के आवंटन में पारदर्शिता बरती जाए और स्थानीय छात्रों के लिए उचित आरक्षण सुनिश्चित किया जाए। धरने में भाजपा की महिला नेता रितु ठाकुर, बबलू सहित कई प्रमुख स्थानीय नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि श्राइन बोर्ड ने जल्द ही इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो संघर्ष जिला स्तर से आगे बढ़ाकर राज्य स्तर तक ले जाया जाएगा।