उधमपुर। तापमान में लगातार गिरावट के चलते लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी तेज कर दी है। इसका सीधा असर स्थानीय बाजारों में देखने को मिल रहा है। खासकर महिलाओं और युवतियों के बीच कश्मीरी कुर्ता-पायजामा, मलमल, वेलवेट और अन्य आकर्षक गर्म कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ी है। दुकानों पर नए डिजाइन और ब्रांडेड कलेक्शन लोगों को खूब लुभा रहे हैं। इसके चलते सुबह से देर शाम तक खरीदारों की आवाजाही बनी हुई है।
शहर के गोल मार्केट, इंदिरा चौक, कोर्ट रोड, हास्पिटल रोड, मुखर्जी बाजार, बस स्टैंड, लंबी गली और आसपास के प्रमुख बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानों पर विशेष चहल-पहल देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार इस बार कश्मीरी स्टाइल के कुर्ता-पजामा और वेलवेट के सूट महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। वहीं युवतियों में ट्रेंडी डिजाइन, हल्के लेकिन गर्म कपड़े, जूते, मोजे, टोपी, मफलर, शॉल और जैकेट्स की मांग भी काफी बढ़ी है। बदलते फैशन के साथ-साथ ठंड से बचाव की जरूरत ने बिक्री को और गति दी है। दिलचस्प बात यह है कि शादी का सीजन फिलहाल ऑफ होने के बावजूद बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है।
अनिल अरोड़ा, सुनील कुमार, बिल्लू शाह, सोहन लाल, शेखर शर्मा व अन्य दुकानदारों का कहना है कि आमतौर पर इस समय बिक्री में थोड़ी गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मौसम की ठंडक ने हालात बदल दिए हैं। अभी बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है लेकिन सुखी ठंड के बढ़ते प्रकोप को लेकर लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी में जुट गए हैं और परिवार के सभी सदस्यों के लिए गर्म कपड़े खरीद रहे हैं। इससे शहर में गर्म कपड़ों का अच्छा कारोबार हो रहा है। बारिश, बर्फबारी के बाद और भी बढि़या कारोबार की उम्मीद है।
वहीं शहर में गर्म कपड़ों की खरीददारी करने पहुंची सोनिका वर्मा, रेखा देवी, शुभम, अक्षय सिंह व अन्य ग्राहकों का कहना है कि इस बार बाजारों में डिजाइन और क्वालिटी दोनों में अच्छा विकल्प उपलब्ध है। कश्मीरी कपड़ों की गर्माहट के साथ-साथ उनका आकर्षक लुक भी काफी पसंद आ रहा है।
बीते लगभग दो माह से बारिश नहीं होने और तापमान में लगातार गिरावट के कारण सुखी ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इसका ज्यादा असर सुबह और शाम के समय महसूस हो रहा है। हालांकि दिन के समय तेज धूप राहत तो दे रही है लेकिन सुबह और शाम के समय शीत लहर और ठंड के प्रकोप ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है।