उधमपुर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की तरफ से उधमपुर के घोरड़ी में 35 महिलाओं को निशुल्क अचार बनाने का प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाया गया है। बीते 20 दिन से चल रहा यह कोर्स शनिवार को संपन्न हुआ। संस्थान के मुताबिक प्रशिक्षण पूरा कर चुकी इन महिलाओं को अब स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को अचार निर्माण की बारीकियों से अवगत कराया गया। इसमें कच्चे माल का चयन, मसालों की गुणवत्ता, संरक्षण तकनीक, स्वच्छता और पैकिंग के महत्व पर विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी गई। महिलाओं को आंवला, नींबू, आम, गलगल, मिर्च, मिश्रित सब्जियों तथा अन्य स्थानीय फलों और सब्जियों से बनने वाले अचार की विधियों का व्यावहारिक ज्ञान भी दिया गया है।
प्रशिक्षण संस्थान के संकाय सदस्य अंकुश ने बताया कि इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर हैं, जिनसे वे कम लागत में अपना छोटा उद्यम शुरू कर सकती हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को न केवल अचार बनाने, बल्कि उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने, ब्रांडिंग, लेबलिंग और मूल्य निर्धारण की जानकारी भी प्रदान की गई है, ताकि वे स्वयं का व्यवसाय आत्मविश्वास के साथ शुरू कर सकें। इन्हें प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए हैं।
वहीं प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने संस्थान का आभार जताते हुए कहा कि अब वे आत्मविश्वास के साथ अपना काम शुरू करने के लिए तैयार हैं। सुरेखा देवी, अनीता, सुनैना, पूजा देवी व अन्य ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना की। कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
वहीं पूर्व बीडीसी चेयरमैन आरती शर्मा ने कहा कि सरकार की यह बहुत ही सराहनीय पहल है। इससे ग्रामीण महिलाओं को घर द्वार पर ही प्रशिक्षण और स्वरोजगार के साधन उपलब्ध हो रहे हैं। पहले वे अचार को सिर्फ घरेलू उपयोग तक सीमित रखती थीं, मगर अब वे इसे छोटे स्तर पर बाजार में उतारने की योजना बना सकती हैं।