उधमपुर। ब्लाॅक घोरड़ी के बरमीन क्षेत्र में हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत के मामले को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों सुभाष सिंह और शाम लाल के खिलाफ उचित कार्रवाई नही करने पर रोष जताया। मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
पूर्व सरपंच विक्रम सिंह ने बताया कि 19 नवंबर की शाम को गांव के दो लोगों ने रास्ते के झगड़े को लेकर भीम सिंह को लाठियों से बुरी तरह पीटा था। इसमें उनके सिर और पेट में गहरी चोट लगी थी। घोरड़ी पुलिस चौकी में शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और समान्य मारपीट का मामला समझ कर दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास किया। इस बीच घायल भीम सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें जीमएसी उधमपुर लाया गया था लेकिन बाद में उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया, जहां शनिवार रात को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वहीं अपर बरमीन के पूर्व सरपंच राम लाल शर्मा ने बताया कि लगभग ढाई साल पहले भीम सिंह के बड़े भाई नेक राम की भी संदिग्ध परिस्थितियों में पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई थी। उस समय भी सुभाष सिंह उसके साथ मौजूद था और उस पर हत्या का शक भी जताया गया था लेकिन तब भी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
ग्रामीणों ने मांग की कि इस तरह की गुंडागर्दी सहन नहीं की जाएगी। दोनों भाईयों के बेमौत मारे जाने के बाद पूरा गांव दहशत में है। इसलिए उनकी मांग है कि आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा वे सड़क ब्लाॅक करने पर मजबूर हो जाएंगे।
वहीं मौके पर पहुंचे एसएचओ पूरब सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि मारपीट करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कानून के तहत उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।