कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुमित रोष व्यक्त करते हुए।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। थोक सब्जी मंडी उधमपुर में स्कूटी-मोटरसाइकिल से 25 रुपए वसूली के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने हार्टिकल्चर विभाग के एजीएम से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया।
मगोत्रा ने कहा कि जम्मू की नरवाल सब्जी मंडी, जो जेके यूटी की सबसे बड़ी मंडियों में से एक है, वहां तक इस तरह की कोई वसूली नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपहिया वाहनों से टोल नहीं लिया जाता तो फिर उधमपुर में किसकी अनुमति से दोपहिया वाहनों को टेंडर में शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे की खबर दिखाने पर एक स्थानीय पोर्टल के मीडिया कर्मी पर एफआईआर दर्ज कर दी गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
मगोत्रा ने स्पष्ट कहा कि अगर सच दिखाने पर मीडिया पर एफआईआर लगती है, तो मुझ पर भी एफआईआर लगा दी जाए, क्योंकि मैं भी इस गुंडा टैक्स का खुलकर विरोध करता हूं। एजीएम ने आश्वस्त किया कि यह टेंडर मार्च में समाप्त हो जाएगा। अगले साल से किसी भी निजी वाहन से कोई चुंगी व टैक्स नहीं लिया जाएगा।