जगानू मोड में श्राइन बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करते युवक।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस सीटों की आवंटन सूची के खिलाफ अब उधमपुर का युवा वर्ग भी मैदान में आ गया है। वीरवार को शहर के साथ लगते जगानू मोड़ में युवाओं ने श्राइन बोर्ड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर आवंटन सूची को तत्काल रद्द करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने श्राइन बोर्ड मुर्दाबाद, हिंदुओं से भेदभाव बंद करो, श्राइन बोर्ड होश में आओ इत्यादि नारे लगाए। मांग की कि तत्काल आवंटन सूची को रद्द कर प्रवेश पाने वाले विशेष समुदाय के छात्रों को दूसरे काॅलेज में स्थानांतरित किया जाए अन्यथा इस मामले की छोटी सी चिंगारी बड़े आंदोलन का रूप भी ले लेगी।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय युवा विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी हिंदुओ का एक बहुत बड़ा तीर्थ स्थल है और प्रत्येक हिंदू की इसमें विशेष आस्था है। इसके प्रांगण में मौजूद श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय और मेडिकल काॅलेज भी इस तीर्थ स्थल के चढ़ावे से चलता है लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब इस मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस के लिए कथित रूप से 50 में से 42 सीटें विशेष समुदाय के छात्रों को आवंटित कर दी गई हैं। पूरा हिंदू समाज इसका विरोध कर रहा है लेकिन सरकार उनकी मांग को अनसुना कर अपने बेकार के तर्क देकर हिंदुओं की भावनाओं को भड़का रही है। इसलिए इसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। हमारी मांग है कि तत्काल सीटों की आवंटन सूची को रद्द किया जाए और जिन विशेष समुदाय के छात्राें को इसमें प्रवेश दिया गया है उन्हें किसी दूसरे काॅलेज में स्थानांतरित किया जाए। अन्यथा उनके प्रदर्शन की यह छोटी सी चिंगारी आने वाले समय में उग्र आंदोलन का रूप ले लेगी और इसकी जिम्मेदार जम्मू कश्मीर प्रशासन और सरकार की होगी।