उधमपुर। तहसील मुख्यालय रामनगर से सटी पंचायत थपलाल में सरकारी डिग्री काॅलेज रामनगर से देवी कैरी (जंद्रेडी) तक 6 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने का काम 27 साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के मुताबिक ग्रामीण विकास विभाग की तरफ से साल 1998 में इस सड़क को बनाने का काम शुरू किया गया था। इस पर अब तक सड़क बनाने के लिए की जाने वाली कटाई-छंटाई के नाम पर ही बारी-बारी से लगभग 70 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक यह सड़क पूरी तरह से तैयार नहीं हो पाई है। आधी-अधूरी इस कच्ची सड़क पर ही लोग आवाजाही करने को मजबूर हैं। बारिश होने पर यह बरसाती नाले के रूप में बदल जाती है जिससे पैदल आवागमन भी बाधित हो जाता है।
जानकारी के मुताबिक तकनीकी मंजूरियों, ठेकेदारों की लापरवाही और विभागीय उदासीनता के चलते काम अधूरा रह गया है। इससे परेशान ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
-
कोट
लगभग ढाई दशक पहले इस सड़क को बनाने का काम शुरू हुआ था। इससे उम्मीद जगी थी कि जल्द ही गांव तक पक्की सड़क पहुंचेगी और लोगों को पैदल आवाजाही से राहत मिलेगी। आज 27 साल गुजर जाने के बाद भी यह कच्ची सड़क पूरी तरह से तैयार नहीं हो पाई है। यह काफी निराशाजनक है कि सरकार ग्रामीण इलाकों में विकास के दावे तो हजार कर रही है लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अब भी खराब हैं।
-
सुभाष चंद्र, स्थानीय निवासी
इस कच्चे और ऊबड़-खाबड़ मार्ग से गुजरना बेहद मुश्किल है। स्कूल जाने वाले बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों की मुश्किल के अलावा बीमार लोगों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना बड़ा चुनौतीपूर्ण हो जाता है। कई बार मरीज को पालकी अथवा चारपाई से ले जाना पड़ता है। सरकार और प्रशासन से अपील है कि इस सड़क के अधर में लटके काम काे पूरा कर राहत दिलाई जाए।
-
देव राज, स्थानीय निवासी
बरसात के दिनों में यह मार्ग इतना अधिक बदहाल हो जाता है कि इससे मवेशियों का गुजरना भी कठिन हो जाता है। ग्रामीण हर साल बरसात में इसे अपने श्रमदान से ठीक करके पैदल आवाजाही के योग्य बनाते हैं लेकिन फिर भी इस पर ठीक ढंग से आवाजाही संभव नहीं हो पाती है। दोपहिया वाहन तक इस सड़क पर चलाना जोखिम भरा साबित होता है।
-
रोहित शर्मा, स्थानीय निवासी
यह सड़क न सिर्फ थपलाल पंचायत के लिए फायदेमंद है बल्कि कलान, जंद्रेडी और आसपास गांव की करीब 5 हजार आबादी का भी आवाजाही का मुख्य साधन है। इसके लिए हम पिछले लंबे समय से मांग कर रहे हैं लेकिन वहां से सिवाय आश्वासनों के कुछ हासिल नहीं हो रहा है। समय के साथ ग्रामीणों की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन से मांग है कि जल्द सड़क को बनाकर राहत दिलाई जाए।
-
बद्री नाथ, स्थानीय निवासी
-
हम लंबे समय से इस सड़क के बनने का इंतजार कर रहे हैं। यह सड़क हमारे जंद्रेडी, कलान और थपलाल पंचायत की लगभग 5 हजार आबादी की लाइफलाइन है। इसके बनने के लिए ग्रामीण पांच दशक से भी अधिक समय से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन ढाई दशक पहले शुरू हुआ इसका काम आज तक पूरा नहीं हो पाया है। हमारे कई बुजुर्ग इस सड़क के बनने की राह देखते-देखते स्वर्ग सिधार चुके हैं। प्रशासन को इसका संज्ञान लेकर जल्द काम पूरा करवाना चाहिए।
-
पूर्व सरपंच, राजकुमार
कोट
पीएमजीएसवाई के तहत इस सड़क को बनाने का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा गया है, प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगे का काम पूरा किया जाएगा।
-
ऋषि गुप्ता, एईई, पीएमजीएसवाई रामनगर