तस्कर की संपत्ति को गिराती जेसीबी मशीनरी।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। पुलिस ने नशा तस्कर माखन दीन निवासी नरसू, तहसील चिनैनी की अवैध रूप से बनाई गई संपत्ति को गिरा दिया। जेसीबी की मदद से पुलिस ने नशा तस्कर की पांच अवैध दुकानों और आवासीय मकान को ध्वस्त किया।
जानकारी के मुताबिक माखन दीन एक आदतन अपराधी है और थाना चिनैनी में दर्ज केस में शामिल था। मादक पदार्थों की तस्करी में लगातार संलिप्तता के कारण उसे पीआईटी एनडीपीएस के तहत भी हिरासत में लिया गया था। वर्तमान में वह जम्मू के कोट भलवाल सेंट्रल जेल में बंद है।
जांच के दौरान अधिकारी ने पाया कि माखन दीन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करके नरसू चिनैनी में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे 44 पर करोड़ों रुपये मूल्य की 5 व्यावसायिक दुकानें और एक आवासीय संपत्ति का निर्माण किया था।
इस संबंध में एसएसपी आमोद अशोक नागपुरे ने कहा कि उधमपुर पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उधमपुर जिला को नशा मुक्त बनाने को लेकर कमर कसी हुई है। इस अभियान के तहत जारी वर्ष में अभी तक हमने 170 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए हैं। इसमें 200 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 18 नामी नशा तस्करों को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद किया गया है।