उधमपुर। पंचायत चक की निशा देवी ने फास्ट फूड के साथ अचार बनाने की इकाई शुरू की है। इससे वह न सिर्फ स्वयं आत्मनिर्भर हुईं हैं बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी अपनी इकाई पर अचार व जैम बनाने का प्रशिक्षण देकर उन्हें भी स्वरोजगार के काबिल बनाने का काम कर रही हैं।
इस स्वरोजगार से पहले निशा देवी भी अन्य युवाओं की तरह सरकारी रोजगार की तलाश में थी लेकिन बाद में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से फास्ट फूड और अचार बनाने का प्रशिक्षण लेकर अब अपना स्वरोजगार शुरू कर दूसरों को रोजगार देने के काबिल बन चुकी हैं।
निशा देवी 12वीं पास हैं। उनका कहना है कि घर की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए महंगाई के दौर में महिलाओं का भी आत्मनिर्भर होना जरूरी है। वह भी शादी के बाद कुछ साल घरेलू काम काम में ही व्यस्त रहीं लेकिन बाद में आर्थिक हालत में उतार-चढ़ाव आने लगा तो खुद का स्वरोजगार शुरू करने की सोची। इसके लिए लगभग तीन साल पहले ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से फास्ट फूड और अचार बनाने का प्रशिक्षण लिया और अपना यूनिट खोल कर काम शुरू कर दिया। इससे हर महीने लगभग 20 हजार की आय हो रही है। अब अपने इस काम को विस्तार देने की योजना बना रही हैं।
उन्होंने गांव की अन्य महिलाओं को भी अपने इस स्वरोजगार में शामिल किया है। इससे उन्हें रोजगार भी मिल रहा है और वे प्रशिक्षित भी हो रही हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। सभी महिलाओं के लिए यही संदेश है कि महिला आत्मनिर्भरता सिर्फ नारे से सार्थक नहीं होगी, इसके लिए हर महिला को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा।