उधमपुर। पुलिस ने चिनैनी और मजालता थाना के अंतर्गत तीन अलग-अलग जगहों पर मवेशी तस्करी के प्रयासों को विफल कर 19 गोवंश को मुक्त कराया है। इन्हें बिना किसी वैध अनुमति के तस्करी कर श्रीनगर की तरफ ले जाया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक चिनैनी थाना के अंतर्गत मोटर शेड चिनैनी में नाका जांच के दौरान एक वाहन टाटा मोबाइल में 9 गोवंश बिना अनुमति के क्रूरतापूर्वक बंधे हुए पाए गए। चालक मौके से फरार हो गया।
एक अन्य घटना में एक टाटा मोबाइल को जांच के लिए रोका गया। इसमें 6 गोवंश बिना अनुमति के क्रूरतापूर्वक लदे हुए पाए गए। चालक मौके से फरार हो गया।
वहीं थाना मजालता के अंतर्गत पुलिस चौकी बट्टल में, रामकोट से श्रीनगर की ओर आ रहे एक ऑटो को रोका। इसमें 4 गोवंश मिले। पुलिस ने चालक मुश्ताक अहमद चौकर और सह-आरोपी मिया शौकर, दोनों निवासी उधमपुर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना रेहम्बल में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।