उधमपुर। शहीद भगत सिंह पार्क में लाखों की लागत से बनाया गया ओपन एयर जिम रखरखाव के अभाव में बदहाल हो चुका है। इसमें लगाई गई ज्यादातर मशीनें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और कुछ तो टूटकर अलग हो गई हैं।
इसको लेकर शहरवासियों में काफी रोष हैं। उनका कहना है कि लाखों रुपयों खर्च कर लोगों की सुविधा के लिए पार्क में इस ओपन एयर जिम की स्थापना की गई थी, लेकिन दुखद है कि उचित देखभाल नहीं हो पाने के कारण अब यह जर्जर हो गया है। मशीनें सड़ रहीं हैं अथवा कुछ टूट चुकी हैं। शरारती तत्व भी यहां आकर इन्हें क्षतिग्रस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
कंक्रीट के जंगल में तब्दील हो चुके शहर में शहरवासियों के लिए सैर और व्यायाम के लिए यही एकमात्र पार्क उपलब्ध है। यहां काफी संख्या में लोग सुबह और शाम के समय सैर और विश्राम करने के लिए आते हैं। वहीं इसको देखते हुए साल 2019 में विधायक पवन गुप्ता ने अपने फंड से पार्क के अंदर जिम स्थापित की थी। इसमें युवाओं के व्यायाम करने के लिए हर तरह के उपकरण लगाए गए हैं। वहीं अब इसकी हालत खराब होने से युवाओं को जिम का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पार्क में लगे जिम के अधिकतर उपकरण टूट गए हैं। युवाओं ने कई बार नगर परिषद से उपकरणों की मरम्मत करवाने के साथ ही टूटे हुए उपकरणों को बदल कर नये लगाने की मांग की है, लेकिन आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला। इसके चलते पार्क में कसरत करने के लिए आने वाले युवा निराश होकर वापस चले जाते हैं।
युवाओं में धीरज कुमार, ऋषि शर्मा, परमजीत सिंह, अजय कुमार सहित अन्य का कहना है कि अगर नगर परिषद ने इसकी मरम्मत का कार्य नहीं करवाना है तो इसे यहां से हटा दिया जाए, ताकि पार्क में सैर करने व खेलने के लिए आने वाले बच्चों को खुली जगह मुहैया हो सके।
स्थानीय समाज सेवक सोम राज अत्री, रघुवीर सिंह, सुदेश शर्मा, निखिल डोगरा व अन्य ने कहा कि पार्क में बनाया गया जिम और पार्क दोनों का कोई उचित रखरखाव नहीं हो रहा है। दिन रात पार्क खुला रहता है और कोई चौकीदारी तक नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व भी यहां बेरोकटोक घूमते रहते हैं। हम काफी समय से मांग कर रहे हैं कि पार्क को रात के समय बंद रखा जाए ताकि इसका ठीक तरीके से रखरखाव संभव हो सके। नगर परिषद से भी अपील है कि पार्क की नियमित तौर पर सफाई करवाए और पार्क तथा इसमें लगाए गए ओपन एयर जिम की देखरेख के लिए चौकीदार की भी तैनाती की जाए।
कोट
पार्क का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और पार्क और ओपन एयर जिम के रखरखाव को लेकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे ताकि पार्क में आने वाले लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
-
सद्दाम हुसैन, सीईओ नगर परिषद उधमपुर