फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: उधमपुर के बाजारों में भाई दूज की रौनक, मिठाइयों और उपहारों से सजी दुकानें

विज्ञापन
भाई दूज को लेकर मिठाई की दुकानों पर खरीदारी के लिए पहुंचे लोग। - फोटो : udhampur news
विज्ञापन
उधमपुर। रक्षा बंधन के बाद भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित एक और पावन पर्व 'भाई दूज' की तैयारी में उधमपुर शहर पूरी तरह से रंग गया है। शहर की गलियों से लेकर बाजारों की सभी छोटी बड़ी मिष्ठान और उपहारों की दुकानों पर विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और उपहार सज चुके हैं। इस बार यह पर्व 23 अक्तूबर को मनाया जा रहा है। त्योहार से एक दिन पूर्व ही शहर के बाजारों में खासा उत्साह और चहल-पहल देखने को मिली। मेटाडोर और बसों पर भी अन्य दिनों के मुकाबले भीड़ बढ़ चुकी है।
विज्ञापन


व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी का कहना है दिवाली के त्योहारी सीजन में सभी ट्रेड के कारोबारियों का मुनाफा होता है और हमें साल भर इसका खास इंतजार रहता है। इस बार मौसम का भी भरपूर साथ रहा और उम्मीद से बढ़कर कारोबार हुआ है। अब भाई दूज पर हलवाई और उपहार इत्यादि की भी खूब खरीदारी हो रही है।

शहर के कोर्ट रोड, गोल मार्केट, सलाथिया चौक, दोमेल और टाउन हॉल इलाके में रौनक देखते ही बन रही है। मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। विभिन्न प्रकार की मिठाइयां जैसे रसगुल्ला, बर्फी, काजू कतली, सोन पापड़ी और लड्डू की जबरदस्त मांग है। मिठाई विक्रेताओं के अनुसार इस बार बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 30-40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
विज्ञापन

सिर्फ मिठाइयां ही नहीं, भाई दूज के अवसर पर पूजा सामग्री, टीका थाली, चंदन, रोली, अक्षत और उपहारों की भी खूब खरीदारी हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार महिलाओं में खास तरह की सजी-धजी पूजा थालियों की भारी मांग है। बहनें भाई को टीका करने के लिए सुंदर और पारंपरिक वस्तुएं खरीदने में विशेष रुचि दिखा रही हैं।

पर्व की पूर्व संध्या पर भाई अपनी बहनों के लिए गहने, कपड़े, घड़ियां और कॉस्मेटिक आइटम खरीदते नजर आए। कई गिफ्ट शॉप्स ने विशेष ''''''''भाई दूज गिफ्ट पैक'''''''' तैयार किए हैं। इसमें चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स, सौंदर्य प्रसाधन आदि आकर्षक ढंग से पैक किए गए हैं। स्थानीय निवासी पूनम गुप्ता, संध्या शर्मा, डॉली गुप्ता, लक्ष्मी देवी व अन्य ने बताया कि भाई दूज हमारे लिए बेहद भावनात्मक त्योहार है। हर बार की तरह इस बार भी हम हमने भाईयों के लिए खास पूजा थाली और उपहार खरीदे हैं।
भाई दूज का महत्व
पंडित सुदेश शर्मा ने बताया कि यह दिन यमराज और उनकी बहन यमुनाजी से जुड़ा है। मान्यता है कि इस दिन यमुनाजी ने यमराज को अपने घर बुलाकर तिलक किया, भोजन कराया और उनसे यह वरदान लिया कि जो बहन इस दिन अपने भाई को तिलक करके भोजन कराएगी, उसके भाई की लंबी उम्र होगी और यमराज का भय नहीं रहेगा। यह दिन भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने और भाई की लंबी उम्र की कामना करने का दिन होता है। बहन अपने भाई को तिलक करती है (रोली और चावल से), आरती उतारती है और उसे मिठाई खिलाती है। भाई अपनी बहन को उपहार देता है। बहन अपने भाई की लंबी उम्र, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना करती है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी इंतजाम पुख्ता
त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा बाजारों में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। वहीं नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था को भी बेहतर बनाया गया है ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें