उधमपुर। जम्मू कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी की तरफ से रविवार को शहर के एक निजी पैलेस में शिक्षक समुदाय के मुद्दों पर सम्मेलन सह शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग जिलो से आए शिक्षकों व कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।
इस मौके पर कमेटी के हालिया यूटी बाॅडी चुनाव में विजयी रहे राज्य प्रधान विनोद शर्मा, चेयरमैन सलीम सागर और महासचिव नज्म उल जाफरी द्वारा शपथ ग्रहण की औपचारितकता पूरी की गई।
राज्य प्रधान विनोद शर्मा ने कहा कि चार साल पहले हुए चुनाव का शपथ समारोह पहले श्रीनगर में आयोजित किया गया था। अब इस बार हुए चुनाव के विजेताओं ने अपना शपथ समारोह उधमपुर में आयोजित किया है। इस अवसर पर प्रण लिया है कि सबसे पहले हम एक शिक्षक होने के नाते उन बच्चों को स्कूलों में पढाएंगे, जिन्हें पढ़ाने के लिए हमें लगाया गया है, जैसे हम पहले पढ़ाते आए हैं। इसके बाद एक लीडर होने के नाते वे अपने सभी शिक्षकों को यह भरोसा दिलाते हैं कि उनकी जितनी भी समस्याएं और मुद्दे हैं, उन्हें उचित मंच पर और पुरजोर तरीके से उजागर कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह लगातार तीसरी बार विजयी हुए हैं और इस बार फिर से अगले चार साल के लिए उन्हें निर्विरोध जिताकर जो जिम्मेदारी दी गई है उसे हम पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्हाेंने कहा कि जल्द ही पूरी कमेटी गठित की जाएगी।