उधमपुर। ग्रामीण विकास की दिशा में जिला के ब्लॉक खून की पंचायत पालनू में शिव मंदिर जखैनू के समीप जल्द ही एक आधुनिक कम्युनिटी शेड का निर्माण किया जाएगा। इस पर लगभग 20 लाख रुपये की लागत आएगी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
इस विकास कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त की है। स्थानीय शांति वर्मा, भरत कुमार, राकेश शर्मा व अन्य ने बताया कि लंबे समय से यहां एक ऐसे सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां ग्रामीण अपने सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकें। अब इस परियोजना के पूरा होने से न केवल ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी, बल्कि गांव को एक नई पहचान भी मिलेगी। इससे दूर दराज के इलाकों से मंदिर में आने वाले तीर्थ यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, कम्युनिटी शेड को आधुनिक ढांचे के साथ तैयार किया जाएगा। इसमें बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, प्रकाश एवं पेयजल की सुविधा, शौचालय और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गांव के लोगों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए दूर-दराज के स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी।
कोट
कम्युनिटी शेड के निर्माण कार्य के लिए जारी टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा करने का प्रयास रहेगा।
-
एक्सईएन मो. अनवर, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग