उधमपुर। बीते दो दिन से लगातार रुक रुककर हो रही बारिश से जिलेभर में जनजीवन प्रभावित हो गया है। सोमवार रात को हुई तेज बारिश के कारण उधमपुर-घोरडी सड़क पर काल्डी से लेकर बरमीन तक के स्ट्रैच पर कई जगहों पर पस्सियां गिर गईं, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इससे कामकाजी लोगों को अपने कार्यालयों और विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में समस्या का सामना करना पड़ा।
सतैनी में लोगों के घरों में घुसा पानी
शहर के नजदीक ब्लाक जगानू के सतैनी गांव में बारिश के कारण जलभराव होने से करीब 10 घरों में पान घुसने की समस्या का सामना करना पड़ा। पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम गुप्ता ने बताया कि सतैनी में जलभराव की समस्या काफी पुरानी है और समाधान के लिए दो साल पहले प्रशासन की तरफ से जलनिकासी का प्रबंध कर समस्या से राहत दिलाई गई थी। इससे 75 प्रतिशत समस्या तो हल हो चुकी है लेकिन 25 प्रतिशत इलाके में समस्या अभी बनी हुई है। दो दिन से हो रही बारिश से वार्ड 3 में काफी जलभराव हो चुका है इसलिए अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे बारिश में समस्या गंभीर हो सकती है।
शहर के वार्ड 2 में नाली ब्लाॅक, घरों में घुसा पानी
वहीं, शहर के वार्ड दो के इंदिरा नगर इलाके में नाली ब्लाक होने से आसपास के घरों में पानी घुस गया। इससे परेशान होकर लोग सड़क पर आ गए जिसकी सूचना मिलने पर नगर परिषद की टीम ने पहुंच कर नाली की सफाई का काम शुरू करवाया। स्थानीय निवासी कमलेश कुमारी व अन्य ने बताया कि नाली पर बनाई गई करीब 10 फुट लंबी स्लैब के कारण हर बार बारिश के कारण यह समस्या पेश आती है। इसलिए इसके स्थायी समाधान के लिए इस स्लैब को हटाने की जरूरत है। प्रशासन से मांग है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
सरकारी सेंट्रल मिडिल स्कूल की गिरी दीवार
शहर के मुख्य बस अड्डा के समीप मौजूद सरकारी सेंट्रल मिडिल स्कूल की पुरानी हो चुकी सुरक्षा दीवार ढह गई। घटना देर रात को हुई इसलिए किसी को चोट वगैरह नहीं आई। स्थानीय सोहन लाल ने बताया कि यह सुरक्षा दीवार मुख्य बस अड्डा की तरफ से क्षतिग्रस्त हुई है, गनीमत रहा है कि किसी को कोई चोट नहीं आई है।
वार्ड 15 में धार रोड किनारे गिरा विशाल पेड़
बीती देर रात शहर के वार्ड 15 में धार रोड पर पुराने आईटीआई के नजदीक एक बड़ा पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि देर रात की इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि मंगलवार सुबह इस पेड़ के कारण वाहनों की आवाजाही को लेकर थोड़ी समस्या पेश आई।