प्रदर्शन करते हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। पश्चिम बंगाल में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की तरफ से सलाथिया चौक पर प्रदर्शन किया गया। पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। संगठनों ने मांग की कि पश्चिम बंगाल में बक्फ बोर्ड पर मचे सियासी घमासान की आड़ में जानबूझकर हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन पर अत्याचार हो रहा है और मारपीट कर उन्हें पलायन करने पर मजबूर किया जा रहा है।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे विहिप के जिला मंत्री सुभाष शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में वक्फ बोर्ड की आड़ में हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा है। हिंदू अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़ कर पलायन करने पर मजबूर हो रहे हैं। दो सौ से अधिक परिवारों को जान बचाकर पलायन कर गए। उनके घर और दुकानें जला दी गईं, जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उनकी हिमायत कर रही है।
उन्होंने कहा कि वोट बैंक की खातिर ममता सरकार देश और हिंदू विरोधी ताकतों का समर्थन करती नजर आ रही हैं। विश्व हिंदू परिषद की मांग है कि हिंदू विरोधी अत्याचार पर तत्काल रोक लगाई जाए और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बेकसूर हिंदुओं पर इस तरह का अत्याचार बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ विहिप और बजरंग दल हमेशा हर मंच पर आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदर्शन के माध्यम से पश्चिम बंगाल सरकार को चेतावनी दी गई है कि हिंदू विरोधी हिंसा पर तत्काल रोक लगाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि अपनी इस मांग को लेकर वे भारत सरकार के नाम जिला विकास आयुक्त कार्यालय में भी एक ज्ञापन सौंपेंगे। प्रदर्शन में बजरंग दल के सदस्य भी शामिल थे।