पौनी। लैड गांव में शनिवार को हुए वार्षिक दंगल में बड़ी माली के लिए डोडा के नदीम पहलवान ने पठानकोट के आकाश पहलवान को हराया। बड़ी माली के लिए दोनों पहलवानों में कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें नदीम ने बाजी मारी। उन्हें दस हजार व उपविजेता आकाश को आठ हजार रुपए इनाम के तौर पर दिए गए।
दूसरी माली के लिए रियासी के सुरजीत व कठुआ के रिशु में मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक दाव पेंच चलते रहे, लेकिन अंत में रिशु ने बाजी मारी। रिशु को नकद आठ हजार रुपये व उपविजेता पहलवान को छह हजार दिए गए।
तीसरी माली के लिए युवराज व शरीफ के बीच मुकाबला हुआ लेकिन बारिश आने के कारण कुश्ती को रोक दिया गया। पहलवान पूरी तरह से भीग गए। कुछ समय बाद फिर मुकाबला शुरू हुआ। पहलवानों को एक दूसरे को पकड़ने में फिसलन महसूस हो रही थी। कई देर तक चले मुकाबले में कोई नतीजा नहीं निकला। इस पर आयोजकों ने यह मुकाबला बराबरी पर रखा। दोनों पहलवानों में बारह हजार रुपए बांटे गए।
चौथे मुकाबले के लिए परगवाल के संजय व कठुआ के बग्गा भिड़े। इसमें संजय ने जीत हासिल की उन्हें नकद छह हजार व उपविजेता पहलवान को पांच हजार मिले। दंगल के दौरान बारिश भी हुई और ओलावृष्टि भी हुई। बारिश में भी दर्शक मैदान पर डटे रहे।