उधमपुर। ब्लाॅक मौंगरी की पंचायत दमनोत रधनोत के वार्ड 8 में बिजली ट्रांसफार्मर में खराबी आने से 15 दिन से बिजली बंद है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए लगाया गया पुराना ट्रांसफार्मर कुछ दिन पहले सड़ गया था। इससे पूरे गांव की बिजली बंद है। बीते 15 दिन से लोग अंधेरे में रात बिता रहे हैं।
स्थानीय निवासी बोध राज, राजकुमार, सुनीता देवी व अन्य ने बताया कि गांव के लिए 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया है जो जरूरत के हिसाब से काफी कम क्षमता का है। इसलिए लोड अधिक होने पर यह बार-बार खराब हो जाता है। अभी बीते 15 दिन से यह फिर से खराब हो गया है। नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग पर बिजली विभाग ने यहां दो नए ट्रांसफार्मर तो लगाए हैं, लेकिन इन्हें स्थापित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले नया लाया गया एक 63 केवी का ट्रांसफार्मर इंस्टाल किया गया था जिसके बाद बिजली आने पर राहत मिली थी, लेकिन बाद में इस ट्रांसफार्मर को उतार कर दूसरे स्टेशन पर लगा दिया गया। इससे गांव में फिर से अंधेरा छा गया है। इसलिए उनकी मांग है कि पुराने ट्रांसफार्मर को रिपेयर कर काम चलाने की बजाय गांव में नया बड़ा ट्रांसफार्मर लगाकर राहत प्रदान की जाए। संवाद