जखैनी चौक पर रोके जाने के खिलाफ रोष जताते गुज्जर बक्करवाल।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर के जखैनी चौक में गुज्जर-बक्करवालों की तरफ से प्रदर्शन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया गया कि वे अपने डेरों के साथ गाड़ियों में सवार होकर श्रीनगर की तरफ जा रहें हैं लेकिन ट्रैफिक पुलिस उनकी गाड़ियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दे रही है।
शरीफ मोहम्मद ने कहा कि इस समय हम अपने मवेशियों के साथ मैदानी इलाकों से पहाड़ों की तरफ रुख कर रहे हैं। यह हमारी परंपरा है, हम सर्दी का सीजन शुरू होने पर वापस लौटे आते हैं। अभी हमने 75 हजार रुपये किराया देकर 3 ट्रक किराए पर लिए थे ताकि हम बिना किसी परेशानी के श्रीनगर के पहाड़ों में अपनी चारगाहों तक पहुंच जाएं, लेकिन हमारी गाड़ियों को जखैनी चौक में रोक दिया गया है। हम आगे जाने की अनुमति मांग रहे हैं। रात को छोड़ने का आश्वासन देते हैं लेकिन रात को भी अनुमति नहीं दे रहे हैं। इसके चलते हमें काफी नुकसान हो रहा है। हमारी भेड़-बकरियां भी भूख और प्यास से मरने की कगार पर पहुंच गई हैं। अगर कुछ दिन और आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई तो हमारी भेड़ बकरियां मर जाएंगी। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने राजमार्ग को बंद करने का भी प्रयास किया लेकिन पुलिस ने समझाकर-बुझाकर उन्हें शांत किया।