चिनैनी। चिनैनी के अलग-अलग जगहों पर सड़क मार्गों की हालत दयनीय होने से वाहन चालकों को कई तरह की परेशानियां पेश आ रही हैं। वाहन हिचकोले खाते हुए आगे बढ़ते हैं। लोगों ने समस्या की तरफ ध्यान देने की मांग की है। लोगों ने कहा कि चिनैनी से दोमेल मार्ग, चिनैनी-चंप्याड़ी मार्ग, चिनैनी-सुद्धमहादेव मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिस पर गाड़ियां तो गुजरती हैं मगर हिचकोले खाते हुए वाहन अपनी मंजिल तक पहुंचते हैं। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, अजय कुमार, सौरभ तथा अन्य ने बताया कि सड़कों की दयनीय हालत होने से कई बार हादसे का भी डर रहता है। गाड़ी चालक गड्ढा बचाने के चक्कर में कई बार दूसरी ओर से अपना वाहन निकालने का प्रयास करता है लेकिन दूसरी ओर से आ रहे वाहन से हादसे से का डर हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बड़े-बड़े गडढों की हालत में सुधार किया जाना चाहिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के एईई आतिश भारद्वाज ने कहा कि जिन मार्गों पर गड्ढे पड़े हैं उन्हें सिटी हेड टाउन प्लान में रखा गया है, उम्मीद है जल्द समस्या दूर हो जाएगी।