उधमपुर। रंग और उमंग का त्योहार होली शुक्रवार को देशभर के साथ जिला उधमपुर में भी जोश व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बाजारों में बीते एक सप्ताह से रंग-गुलाल की खरीददारी को लेकर खूब रौनक बनी हुई है। व्यापार मंडल के होली मिलन समारोह की भव्य झांकी शहर में होली के पर्व का उत्साह दोगुना करेगी। शहर के विभिन्न बाजारों में सुबह साढ़े 11 बजे से होली की धूम मचेगी। शहर के आदर्श कालोनी से शुरू होकर यह झांकी शहर के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरेगी।
पूर्व संध्या पर स्कूलों में रही होली की धूम
होली की पूर्व संध्या पर शहर के विभिन्न स्कूलों में भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली का जश्न मनाया। इसमें स्कूल स्टाफ की भी उत्साहित भागीदारी देखी गई। उधर शहर की गलियों और मोहल्लों में बच्चों और युवाओं ने एक दिन पहले से होली खेलना शुरू कर दिया था। शुक्रवार को होली का खुमार चरम पर नजर आएगा।
पूर्व संध्या पर खूब हुई खरीददारी
होली की पूर्व संध्या पर वीरवार को खरीदारी करने को लेकर बच्चों व युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। दिन भर बच्चे व युवा होली की तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त दिखे। कोई गुलाल खरीद रहा था तो कोई पिचकारी खरीदने में व्यस्त था। होली को लेकर बाजार में रौनक को देख कर दुकानदारों ने भी बहुत ज्यादा राहत महसूस की है।
होली पर बच्चे व युवा गुलाल के साथ मौज मस्ती करने के लिए तैयार हैं। होली को लेकर बच्चों की मस्ती होली से कई दिन पहले ही शुरू हो जाती है। वीरवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। होली के लिए सुबह से ही युवा और बच्चे खरीदारी करने के लिए बाजार पहुंच गए थे। सभी ने अपनी पसंद का गुलाल खरीदने के साथ पिचकारियां खरीदीं। घर पहुंचने पर बच्चे टोलियों में घूमकर योजना बनाने में व्यस्त रहे कि किस प्रकार होली के दिन एक दूसरे को गुलाल लगाएंगे। गुलाल मिलने पर तो कई जगहों पर बच्चों ने एक दूसरे को रंग लगाना भी शुरू कर दिया था। युवाओं का कहना है कि कई दिनों से होली का इंतजार कर रहे थे। आखिरकार वो दिन आ ही गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में टोलियां बना कर एक दूसरे को रंग व गुलाल लगाएंगे।
दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक
दुकानदार बिल्लू शाह, राकेश कुमार व अन्य ने बताया कि इस बार होली को लेकर बाजार में होली के पटाखे और हर्बल कलर ग्राहकों की पहली पंसद बने हुए हैं। युवा वर्ग इनको बहुत ज्यादा पसंद कर रहा है। इसके साथ पंप पिचकारी की भी खूब खरीदारी हो रही है। शिव त्रिशूल, हथौड़ा, सिलिंडर बम, बंदूक जैसी पिचकारियां भी मार्किट में लाई गई हैं और इनकी भी अच्छी खासी बिक्री हो रही है।
आज दुकानें बंद रखने का किया गया है आह्वान
होली मिलन समारोही की झांकी में सम्मलित होने के लिए व्यापार मंडल की तरफ से शहर के दुकानदारों को होली पर अपनी दुकानों को बंद रखने का आह्वान किया गया है।
यह झांकी शहर भर में रंग गुलाल उड़ाती हुई गुजरेगी और इसमें काफी संख्या में शहरवासियों के साथ शहर के दुकानदार भी भाग लेेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध भी चाक चौबंद
होली पर्व को लेकर पुलिस की तरफ से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शहर के तमाम चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। हुड़दंग मचाने वालों और हुल्लड़बाजी करने वालों पर नकेल कसने की भी खास तैयारी हैं।
घरों में भी होली उत्सव की रहेगी धूम
शहर में होली की धूम के साथ लोग घरों में भी अपने सगे-सम्बंधियों और पड़ोसियों के साथ होली का उत्सव मनाएंगे। इसको लेकर रोहिणी गुप्ता, निर्मला देवी, सोमराज गुप्ता, राज रानी व अन्य शहरवासियों का कहना है कि हर साल की तरह इस साल भी जश्न की तैयारी पूरी है। मिष्ठान का भी प्रबंध किया गया है और मुंह मीठा करवाने के बाद रंग गुलाल से होली खेलेंगे। इस मौके पर खास पकवान बनाए जाएंगे।