उधमपुर। पुलिस चौकी रौन दोमेल के समीप रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। उसकी पहचान 25 वर्षीय सुनील कुमार उर्फ सन्नी पुत्र कुलदीप कुमार निवासी जगानू के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमसी के शवगृह पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव वारिसों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि इलाके में हुई एक चोरी के मामले में शक के आधार पर सुनील को बीते करीब एक सप्ताह से लगातार थाने में हाजिरी के लिए बुलाया जा रहा था। वीरवार को भी वह घर से थाने के लिए गया था लेकिन रात को घर नहीं लौटा और न ही चौकी से किसी ने उसे घर ले जाने के लिए बुलाया। परिजनों ने सोचा कि शायद आज पुलिस ने उसे चौकी पर ही रखा है लेकिन शुक्रवार सुबह पुलिस चौकी के समीप ही ट्रैक पर उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने मांग की कि निष्पक्ष जांच कर सुनील की मौत के कारणों का पता लगाया जाए। संवाद