उधमपुर। सतगुरु रविदास के 648वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर रविवार को शहर में गुरु रविदास सभा की तरफ से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हिस्सा लिया और गुरु रविदास की महिमा का गुणगान किया। शोभा यात्रा को लेकर सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे।
दोपहर करीब 12 बजे एमएच चौक पर स्थित गुरु रविदास मंदिर से गुरु रविदास सभा के पदाधिकारियों के नेतृत्व में शोभा यात्रा निकाली गई, जो दोमेल, धार रोड, सलाथिया चौक, रामनगर चौक, अस्पताल रोड, चबूतरा बाजार, सैलां तालाब तथा गोल मार्केट व शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए रविदास मंदिर में पहुंच कर संपन्न हुई। यात्रा में विभिन्न तरह की झांकियां दर्शाई गईं, जिनके माध्यम से गुरु रविदास, सतगुरु कबीर, गुरु नाभा दास की जीवनी पर प्रकाश डाला गया।
शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में संगत भजन गाते हुए चल रही थी। इसके अलावा कुछ संगत शहर की सड़कों को साफ करते आगे बढ़ रही थी। इस दौरान शहरवासियों की तरफ से विभिन्न स्थानों पर संगत के लिए खाने पीने के स्टाल भी लगाए गए थे। शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए शोभा यात्रा दोपहर करीब तीन बजे मंदिर में पहुंच कर संपन्न हुई। मंदिर में संगत के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। संगत ने मंदिर में गुरु रविदास की तस्वीर के समक्ष माथा टेक आशीर्वाद लिया।
सभा के पदाधिकारी डाॅ. चंद्र प्रकाश ने सभी को प्रकाशपर्व की बधाई दी। कहा कि गुरु रविदास जी का प्रकाशोत्सव 12 फरवरी को मनाया जाएगा। इस दिन 11 से 1 बजे तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। दोपहर एक बजे से लेकर डेढ़ बजे तक सत्संग होगा। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।