उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (ओएसआईएनटी) पाठ्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। इस कोर्स का उद्देश्य प्रतिभागियों को सार्वजनिक रूप से उपलब्ध डेटा का उपयोग करके खुफिया जानकारी जुटाने की तकनीक से लैस करना था।
समापन समारोह में आईपीएस राजेश बाली बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहे। उन्होंने आधुनिक खुफिया, कानून प्रवर्तन और साइबर सुरक्षा में ओएसआईएनटी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। पाठ्यक्रम में एसवीपी, एनपीए हैदराबाद के विशेषज्ञ संकाय ने ओएसआईएनटी उपकरण, डेटा विश्लेषण, सोशल मीडिया इंटेलिजेंस और नैतिक विचारों पर सत्र करवाए। प्रतिभागियों ने जांच कौशल को बढ़ाने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण और केस स्टडी में भाग लिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।