चिनैनी। चिनैनी शिक्षा जोन के अंतर्गत मानतलाई में विद्यार्थियों ने शिक्षकों की मांग को लेकर सड़क को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। एसडीएम की तरफ से दूसरे स्कूलों में अटैच शिक्षकों की वापसी करने पर छात्र शांत हुए और धरना उठाया।
विद्यार्थियों की मांग थी कि जो शिक्षक उनके स्कूल से दूसरी जगह पर अटैच किए गए हैं उन्हें वापस लाया जाए। साथ ही शिक्षकों की कमी को भी दूर किया जाए। हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने शनिवार को मानतलाई में मार्ग जाम कर अपनी मांगों को उजागर किया। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है, स्कूल में सैंक्शन 16 पद हैं लेकिन आधे पद भी भरे नहीं हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि पहले ही उनके स्कूल में शिक्षकों का अभाव चल रहा है, ऊपर से शिक्षकों को दूसरी जगह पर अटैच करने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि वह तब तक सड़क से नहीं हटेंगे जब तक उनकी समस्या हल नहीं होती। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीएम डॉ. रंजीत सिंह कोतवाल ने मौके पर ही अटैच शिक्षकों को वापस स्कूल में लाया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की और मांग उठाई कि स्कूल में शिक्षकों की कमी को भी दूर किया जाना चाहिए।