चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में आने वाले सैलानियों को चिनैनी दोमेल से पटनीटॉप सड़क पर आते ही नगर वन की सुविधा मिलेगी। इसमें सैलानियों को व्यू प्वाइंट तथा आराम करने के लिए जगह-जगह बेंच और बच्चों के लिए झूले मिलेंगे।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक टैंडर 56 लाख का था और इसे 36 प्रतिशत कम पर लिया गया था। पटनीटॉप जाने वाले सैलानियों को रास्ते में ही जंगल में नगर वन दिख जाएगा और सैलानी पहले पड़ाव में नगर वन में पहुंचकर वहां के खूबसूरत नजारों को देख सकते हैं। इस नगर वन को करीब 280 कनाल एरिया में बनाया गया है। इसमें शुरुआत में ही पार्किंग तथा नगर वन के बीच चीर के पेड़ों से घिरा हुआ स्थल है। इसके अलावा बच्चों के लिए झूले और व्यू प्वाइंट भी बनाए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस नगर वन से चिनैनी क्षेत्र में भी व्यापार पर असर पड़ेगा। कई सैलानी नगर वन के बाद इन क्षेत्रों में भी आ सकेंगे। नगर वन में बच्चों के लिए झूले बनाए गए हैं जबकि सैरगाह भी बनाई गई है जिसके जरिए लोग 2 किलोमीटर सैर कर सकते हैं।