चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप व सनासर में दो दिनों तक विंटर कार्निवाल होगा। 31 दिसंबर को पटनीटॉप के मेन चौक से ही गाड़ियों की एंट्री होगी।
पहले दिन 30 दिसंबर को सनासर और दूसरे दिन 31 दिसंबर की दोपहर को पटनीटॉप में विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। पटनीटॉप के पडोरा मैदान में विंटर कार्निवाल को लेकर दोपहर एक बजे से कार्यक्रम की शुरुआत हो जाएगी । इस कार्यक्रम में सबसे पहले स्थानीय कलाकार गायकी, डांस तथा कल्चरल कार्यक्रम के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे और दोपहर के बाद पंजाबी गायक निंजा आएंगे। विंटर कार्निवाल के चलते 31 दिसंबर को पटनीटॉप के मेन चौक से ही गाड़ियों की एंट्री होगी और कासलमोड़ या पिकनिक स्पॉट वाले बिंदु से गाड़ियां बाहर निकल पाएंगी, जबकि इन दोनों प्वाइंटों से गाड़ियों की एंट्री पटनीटॉप में नहीं हो पाएगी।
गौरतलब है कि नए साल के मौके पर जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में देश भर के सैलानियों का जमावड़ा लगता है। ऐसे में इस स्थल पर जाम की समस्या उत्पन्न न हो उसको लेकर अधिकारियों ने मेन चौक से ही एंट्री रखी है ताकि पटनीटॉप में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। पटनीटॉप डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ वरिंदर कुमार मनियाल ने बताया कि 31 दिसंबर को पटनीटॉप में विंटर कार्निवाल का आयोजन होगा और उस दिन मेन चौक से ही पटनीटॉप में गाड़ियों की एंट्री होगी। कासलमोड़ व पिकनिक स्पॉट वाले मार्ग से गाड़ियों की एंट्री नहीं होगी वहां से गाड़ियां बाहर आएंगी।