रियासी। एआरटीओ की तरफ से एक डंपर का ओवरलोडिंग का चालान काटने पर शनिवार को जिला मुख्यालय में ट्रांसपोर्ट यूनियन से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया।
स्थानीय डाक बंगला के बाहर इकट्ठा हुए चालकों ने एआरटीओ के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। चालक व डंपर मालिक आशीष देव सिंह ने बताया कि वह पांच हजार ईंटों को लेकर अरनास की तरफ जा रहे थे। रास्ते में अधिकारी ने उन्हें रोक कर ओवरलोडिंग का भारी भरकम चालान काट दिया हालांकि इतना चालान बनता नहीं था। मौके पर मौजूद एडवोकेट धीरज सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने घर पर जारी काम के लिए ईंटें मंगवाई थीं। अधिकारी ने पांच हजार ईंटों के ओवरलोडिंग का चालान काटा है जिनका भार दस हजार किलों तक का होगा। अधिकारी अपनी मर्जी से काम कर रहे हैं और चालान काट रहे हैं। मौके पर इकट्ठा हुए चालकों व मालिकों ने जोरदार नारेबाजी की। कहा कि वह जबरदस्ती का चालान बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं इस संदर्भ में जबसे एआरटीओ नासिर ए खान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ईंटें लेकर जा रहा वाहन ओवरलोड था। उन्होंने कानून के दायरे में रहते हुए चालान काटा है।