चिनैनी। कस्बे के वार्ड नंबर एक को दोमेल से जोड़ने वाली सड़क हादसे को न्योता दे रही है। लोगों ने कहा, मार्ग पर सड़क के बीच यदि कोई छोटा सा चौक बना दिया जाए तो वाहन चालकों को राहत मिल सकती है।
वाहन चालक संजय कुमार, रमन कुमार, सुरेंद्र सिंह ने कहा कि दोमेल से सुद्धमहादेव जाने वाली सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार काफी तेज होती है जिससे हादसा होने का खतरा ज्यादा रहता है। इस मार्ग पर हर रोज हजारों वाहनों की आवाजाही होती है और रात के समय भी वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार यात्री चिनैनी की ओर आना चाहते हैं लेकिन उक्त स्थान पर कोई भी चौक न होने के कारण यात्री सीधे आगे बढ़ जाते हैं और कई किलोमीटर दूर जाकर लौटते हैं। उन्होंने मांग की कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए ताकि चालकों को परेशानी पेश न आए।