चिनैनी। कस्बे में जाम की समस्या से फिलहाल राहत नहीं मिल पा रही है। आए दिन कस्बे में जाम के कारण आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इस कारण चिनैनी के व्यापार पर भी असर पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि कस्बे में बेतरतीब वाहन लगने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होती है, कस्बे में पार्किंग की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण हर रोज मेन चौक से लेकर वार्ड नंबर 2 तथा सुद्ध महादेव चौक तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
सोमवार को भी कस्बे में जाम की स्थिति पैदा हुई। ऐसे में लोगों को एक किलोमीटर का सफर करने के लिए भी आधे घंटे का इंतजार करना पड़ा। देर तक गाड़ियां एक ही जगह पर रेंगती रही तथा जाम से निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस पाई।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार, बिशन दास, संजय कुमार ने बताया कि जाम के कारण यात्री वाहनों के फेरे तक रद्द हो जाते हैं। मेन चौक से अलग-अलग रूटों पर वाहनों की आवाजाही होती है तथा बेतरतीब वाहन न लगे तो जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि कस्बे में कुछ स्थानों पर नो पार्किंग जोन बनाया जाना चाहिए, नो पार्किंग जोन होने पर गाड़ियां वहां पार्क नहीं होगी जिससे जाम की समस्या भी उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने कस्बे में पार्किंग की भी सुविधा देने की मांग उठाई ताकि लोगों की परेशानियां दूर हो सकें और कस्बे के व्यापार पर भी कोई असर ना पड़ सके।