चिनैनी। चिनैनी कस्बे के सीएफसी में बुधवार को ब्लॉक दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला विकास आयुक्त सलोनी राय मुख्य रूप से मौजूद थीं। उनके साथ विभिन्न विभाग के जिला तथा सबडिवीजन अधिकारी मौजूद रहे। ब्लॉक दिवस में अलग-अलग पंचायत के पंचायत प्रतिनिधि तथा लोग उपस्थित रहे। लोगों ने अधिकारियों के समक्ष कई समस्याओं को उजागर किया।
लोगों ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) के कार्य को लेकर असंतुष्टि जताई गई। कहा कि इस कार्य को तेज गति से किया जाना चाहिए और पाइपों को जमीन के अंदर से ले जाना चाहिए मगर ऐसा नहीं हो रहा। पाइपों को खुले में लगाया जा रहा है। इससे पाइप टूटने का डर रहता है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि चिनैनी शिक्षा जोन के अंतर्गत कई स्कूलों में स्टाफ की भारी कमी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है, इसके अलावा चिनैनी में पार्किंग की समस्या को दूर करने, चिनैनी में सर्कुलर सड़क का कार्य पूरा करने, गंदगी को तवी के निकट न फेंकने, चिनैनी से पावर हाउस फोरवे सड़क की मरम्मत करवाने की भी मांग उठाई गई ताकि इस मार्ग से गाड़ियों की आवाजाही हो सके।
ब्लॉक दिवस के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला विकास आयुक्त के समक्ष परमिशन की समस्या को भी उजागर किया और कहा कि चिनैनी के कई गांव जोकि पीडीए के अधीन हैं उन्हें मकान की मरम्मत भी करनी हो तो उसके लिए भी पहले परमिशन लेनी पड़ती है। इस समस्या को भी हल किया जाए। साथ ही देविका जोकि सुद्धमहादेव से बहती है जहां से जल शक्ति विभाग की ओर से कई पाइप लगाई गई है और वहां पर पानी की समस्या पैदा हो गई है।