उधमपुर। जिला उधमपुर में अब वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट अनंत द्विवेदी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह आदेश 25 नवंबर 2026 को जारी हुआ है और तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। आदेश के मुताबिक अगले दो महीने तक पूरे जिले में यह प्रतिबंध लागू रहेगा, जब तक कि इसे पहले वापस न ले लिया जाए या इसमें कोई बदलाव न किया जाए।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों से विश्वसनीय जानकारियां मिली हैं कि जिला उधमपुर में कुछ व्यक्ति और समूह वीपीएन का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। बताया गया है कि वीपीएन के जरिए कानूनी साइबर पाबंदियों को दरकिनार किया जा रहा है और प्रतिबंधित वेबसाइटों, एप्लिकेशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच बनाई जा रही है। इससे सार्वजनिक व्यवस्था, शांति और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो रहा है। आदेश में यह भी कहा गया है कि इस तरह के दुरुपयोग से भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार, हिंसा या अशांति के लिए उकसावा, अवैध गतिविधियों का समन्वय और राष्ट्र विरोधी व विघटनकारी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इसी को देखते हुए साइबर सुरक्षा को बनाए रखने, कानूनी पाबंदियों का पालन सुनिश्चित करने और जिले में शासन और सुरक्षा व्यवस्था की अखंडता को बनाए रखने के लिए वीपीएन के दुरुपयोग को रोकना बेहद जरूरी हो गया था।
जिला मजिस्ट्रेट अनंत द्विवेदी ने अपने आदेश में साफ लिखा है कि जिला उधमपुर की क्षेत्रीय सीमा के अंदर सभी तरह के वीपीएन के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाती है। यह छूट सिर्फ उन्हीं मामलों में होगी, जहां सरकार या सक्षम प्राधिकारी की ओर से आधिकारिक आदेश के माध्यम से वीपीएन के इस्तेमाल की स्पष्ट अनुमति दी गई हो। यह प्रतिबंध जिले के सभी व्यक्तियों, संस्थानों, साइबर कैफे, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं पर लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आदेश के सख्त, प्रभावी और एक समान पालन को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमपुर को सौंपी गई है।