उधमपुर। खेल निदेशालय, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग उधमपुर के तत्वावधान में सुभाष स्टेडियम उधमपुर में ऑल एज ग्रुप (बालक एवं बालिका) यूटी स्तरीय अंतर जिला योगा प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन महानिदेशक अनुराधा गुप्ता (आईएएस) के मार्गदर्शन और जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी तरसेम सिंह की देखरेख में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर संघ राज्य क्षेत्र के विभिन्न जिलों से कुल 149 युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 77 बालक और 72 बालिकाएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन किया। आर्टिस्टिक सिंगल (बालिका) में उधमपुर की प्राप्ति शर्मा और आर्टिस्टिक सिंगल (बालक) में उधमपुर के आराध्ये ने बाजी मारी। रिदमिक पेयर (बालिका) में उधमपुर की मोहिनी देवी और कामशी ठाकुर की जोड़ी ने शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं आर्टिस्टिक पेयर (बालिका) स्पर्धा में जम्मू की शोनाया और कवीत कौर का दबदबा रहा। इसके अलावा आर्टिस्टिक पेयर (बालक) में उधमपुर के बलवीर व सरस बाभोरिया तथा रिदमिक पेयर (बालक) में उधमपुर के अविषक शर्मा व रोहित शर्मा की जोड़ी विजेता बनी।