उधमपुर। व्यापार मंडल उधमपुर के चेयरमैन विक्रम सिंह सलाथिया ने जम्मू-कश्मीर में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों की लंबित मांगों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को लेकर उपराज्यपाल से विशेष आग्रह किया है।
सलाथिया ने कहा कि एनएचएम के तहत कार्यरत डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ तथा अन्य कर्मचारी पिछले लगभग 20 सालों से जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। विशेष रूप से कोविड-19 महामारी तथा विभिन्न आपातकालीन स्थितियों के दौरान एनएचएम कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से इनकी मांगों का समाधान न होने के कारण इनमें असंतोष बढ़ा है। नियमितीकरण की नीति लागू करने तथा अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार संघर्ष कर रहे हैं और पिछले कई दिनों से हड़ताल पर भी रहे। इन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ा। भविष्य में कर्मचारियों को हड़ताल पर न उतरना पड़े इसके लिए उनकी मांगों को गंभीरता से पूरा किया जाना चाहिए।
सलाथिया ने उपराज्यपाल से विशेष अपील करते हुए कहा कि वह इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करें ताकि एनएचएम कर्मचारियों की लंबित मांगों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री जम्मू-कश्मीर और स्वास्थ्य मंत्री जम्मू-कश्मीर को भी भेजी गई है।